7 जिलों में संक्रमण दर 40% से ऊपर, रिकवरी दर में भी गिरावट, नतीजतन लॉकडाउन की मियाद बढ़ी…

0
20210418_135819
Spread the love

छत्तीसगढ़ में कोरोना के कहर के बीच लोगों के रिकवर होने की दर में भी गिरावट आई। प्रदेश के 7 जिलों में संक्रमण दर यानी पॉजिटिविटी रेट 40% से ऊपर है। एक्सपर्ट इसे लेकर परेशान हैं। पूरे राज्य की बात करें तो ये दर अभी 29% से ऊपर है।

मरीज बढ़ने से अस्पतालों पर दबाव अभी कम नहीं हुआ है। शनिवार को भी राज्य में 16 हजार 83 नए केस सामने आए हैं। 10 अप्रैल के आंकड़े देखें तो लोगों के ठीक होने की दर 82% से ज्यादा थी, जो 8 दिन बाद घटकर 74% रह गई है। राज्य के 7 जिले रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा, बिलासपुर, जांजगीर चांपा और बलौदा बाजार में पॉजिटिविटी रेट 40% से ऊपर पहुंच गया है। एक्सपर्ट का कहना है कि इससे हालात बिगड़ सकते हैं।

इसके बाद सरकार ने 9 जिलों में लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया है। इन 9 जिलों में रायगढ़ और कोरबा में 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है। इनके अलावा रायपुर, जशपुर, बालोद, महासमुंद, राजनांदगांव, बेमेतरा और बलरामपुर में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन रहेगा।

दुर्ग में दूसरी बार लॉकडाउन बढ़ाया गया है। यहां अब 26 तक लॉकडाउन रहेगा। पहली बार यहां 6 से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा था।

इस बार लॉकडाउन में थोड़ी राहत मिलेगी
सरकार ने लाॅकडाउन के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकानों को खोलने का आदेश दिया है। यहां सैनिटाइजेशन, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन होने की शर्त पर राशन दिया जाएगा। अनाज और फल-सब्जी कारोबारियों को घर-घर जाकर सामान बेचने की छूट भी मिल गई है। ये कारोबारी दोपहर 2 बजे तक होम डिलीवरी कर सकते हैं।

अस्पताल में आग से 5 की मौत, जांच शुरू
रायपुर के राजधानी अस्पताल के ICU में आग लगने से पांच लोगों की मौत हुई है। टिकरापारा थाने में एक FIR दर्ज हुई है। CMHO को इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने आगजनी की जांच शुरू कर दी है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

एक्टिव केस 1.3 लाख से ज्यादा
शनिवार को आए आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 138 मरीजों की जान गई है। अब तक मरने वालों की संख्या 5 हजार 738 हो गई है। प्रदेश में 1 लाख 30 हजार 400 मरीजों का इलाज चल रहा है। कुल संक्रमित 5 लाख 32 हजार 495 हो गई है। इनमें से 3 लाख 96 हजार 357 स्वस्थ हो चुके हैं।

कोरोना की संक्रमण दर अभी भी 29 प्रतिशत से अधिक है। शनिवार को 53,916 लोगों की कोरोना जांच हुई। 16,086 लोग पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमण की दर 29.82 प्रतिशत रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts