शिक्षक दिवस पर लिमतरी में शिक्षा की नई नींव: चार कक्षा भवनों का भूमि पूजन, बच्चों के साथ मनाई जन्माष्टमी
बिलासपुर – शिक्षक दिवस के अवसर पर बिल्हा तहसील के ग्राम लिमतरी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में चार नवीन कक्षा भवनों के निर्माण की नींव रखी गई। बिलासपुर राउंड टेबल 283, बिलासपुर लेडीज सर्किल 144 और बिलासपुर 41er क्लब 123 के संयुक्त प्रयास से निर्माणाधीन विद्यालय भवन का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। नवीन कक्षा भवनों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान संस्था से जुड़े सदस्यों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया निवेश बच्चों के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में बच्चों और शिक्षकों के साथ हर्षोल्लास से जन्माष्टमी का पर्व भी मनाया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लिमतरी के सरपंच राजकुमार यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक गणेशी गुप्ता और शाला समिति के अध्यक्ष विनोद कौशिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। बिलासपुर राउंड टेबल 283 के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और विद्यालय के विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।


